जोधपुर में अवैध बजरी खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ पुलिस एवं खनिज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में करीब 750 टन अवैध बजरी जब्त की गई है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज, पुलिस उपायुक्त कमल शेखावत तथा सहायक पुलिस आयुक्त आनंद सिंह राजपुरोहित के निर्देशन में की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना लूणी के थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने अपनी टीम के साथ 11 अप्रैल 2026 को कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान पहले से दर्ज प्रकरण संख्या 83/2026 में गिरफ्तार आरोपी जगदीश से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि राजू प्रजापत, भीखाराम विश्नोई, सरदार भाट और अन्य सहयोगियों द्वारा काकाणी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बजरी का स्टॉक किया गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खनिज विभाग जोधपुर को भी सूचित किया गया। इसके बाद सहायक खनि अभियंता शांतिलाल आघरी एवं कार्यनिदेशक द्वितीय प्रेमप्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीम ने जेसीबी और डंपरों की मदद से अवैध बजरी को जब्त कर खनिज विभाग के स्टॉकयार्ड में सुरक्षित रखवाया। माप करने पर बजरी की कुल मात्रा लगभग 750 टन पाई गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अवैध खननकर्ता पाली जिले के रोहट क्षेत्र स्थित नदी से जेसीबी के जरिए बजरी निकालते थे और डंपरों के माध्यम से काकाणी क्षेत्र में उसका अवैध भंडारण करते थे। इसके बाद इस बजरी को ऊंचे दामों पर जोधपुर शहर में सप्लाई किया जाता था।
इस मामले में जगदीश, राजू प्रजापत, भीखाराम, सरदार भाट सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) एवं एमएमडीआर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Write a Response