सालावास क्षेत्र में अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार पर कार्रवाई, दो वाहन व 20 ड्रम जब्त
जोधपुर, 10 अप्रैल। शहर के सालावास क्षेत्र में अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार के खिलाफ रसद विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी ईंधन बेचने के एक संगठित मामले का खुलासा किया। विभागीय टीम ने सालावास डिपो रोड स्थित मोगड़ा क्षेत्र में एक बाड़े पर छापा मारकर दो वाहन और बड़ी मात्रा में ईंधन से भरे ड्रम जब्त किए।
जिला रसद अधिकारी अंजुम ताहिर सम्मा ने बताया कि जिस बाड़े पर कार्रवाई की गई, वह स्लाइडिंग गेट से युक्त था और लगभग 12 फीट ऊंची दीवारों से तीन हिस्सों में विभाजित किया गया था। टीम को मौके पर एक कमरे में 1 एचपी क्षमता की दो मोटरें भी मिलीं, जिनका उपयोग ईंधन के अवैध ट्रांसफर और मिलावट के लिए किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान भरत पटेल नामक व्यक्ति को अवैध रूप से डिपो से निकलने वाले वाहनों से डीजल और पेट्रोल खरीदते हुए तथा उसमें मिलावट कर बेचते हुए पाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था और मिलावटी ईंधन को आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई कर रहा था।
मौके से विभाग ने दो लोडिंग वाहन और 20 प्लास्टिक ड्रम (प्रत्येक 200 लीटर क्षमता) जब्त किए हैं। बरामद ड्रमों में बड़ी मात्रा में संदिग्ध ईंधन भरा हुआ था, जिसकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही जब्त सामग्री को धारा 6ए के तहत आगे की कार्रवाई के लिए जिला कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्रवाई में रसद विभाग के प्रवर्तन अधिकारी मानवेन्द्र सिंह, राधेश्याम, विक्रम देवीदास एवं राजकरण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिला रसद अधिकारी ने कहा कि अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
Write a Response