एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई में उदयपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा खुलासा हुआ है। एसीबी की टीम ने मांडवा थाना प्रभारी निर्मल कुमार खत्री और कांस्टेबल भालाराम को 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया।
एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई में उदयपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा खुलासा हुआ है। एसीबी की टीम ने मांडवा थाना प्रभारी निर्मल कुमार खत्री और कांस्टेबल भालाराम को 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया।
जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों ने NDPS Act के एक मामले में चार आरोपियों को नामजद नहीं करने की एवज में कुल 20 लाख रुपये की घूस की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की और पुख्ता साक्ष्य जुटाने के बाद ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह कार्रवाई एसीबी के सर्किल इंस्पेक्टर डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में की गई। पूरी कार्रवाई की निगरानी डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल डॉ. रामेश्वर सिंह द्वारा की गई, जबकि एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता और अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर टीम ने यह ऑपरेशन संचालित किया।
एसीबी सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। ट्रैप के दौरान पूरी कार्रवाई को वीडियोग्राफी के जरिए रिकॉर्ड किया गया, ताकि कानूनी प्रक्रिया में साक्ष्य मजबूत रहे। एसीबी अब इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Write a Response