जोधपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन चकव्यूह” के तहत जिला विशेष टीम, जोधपुर पश्चिम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के ईनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना, जोधपुर के सुपुर्द कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त जोधपुर श्री शरत कविराज एवं पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम श्रीमती कमल शेखावत के निर्देशन में की गई। जानकारी के अनुसार आरोपी रामस्वरूप उर्फ रामा मांजू पुत्र सहीराम, निवासी बजरंग नगर, जाम्बा (जिला फलोदी) एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहा था। यह मामला जीआरपी थाना जोधपुर के प्रकरण संख्या 42/2021 से जुड़ा हुआ है।
पुलिस उपायुक्त के सुपरविजन में जिला विशेष टीम लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान कांस्टेबल प्रेम (नं. 2208) को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी जोधपुर आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित रणनीति बनाते हुए जाल बिछाया और आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी पर पूर्व में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार होकर पुलिस से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है और अब उससे पूछताछ के जरिए तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम के प्रभारी महेंद्र कुमार, गजेंद्र, गंगासिंह, प्रेम चौधरी, राजूसिंह, प्रेम, जगदीश प्रसाद, राजूलाल एवं राजूराम सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से कांस्टेबल प्रेम (2208) की सूचना और सतर्कता इस सफलता में अहम साबित हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच जीआरपी थाना जोधपुर द्वारा की जा रही है।
Write a Response