25 हजार के इनामी डोडा पोस्त तस्कर भागीरथराम विश्नोई गिरफ्तार
जोधपुर पश्चिम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित तस्कर भागीरथराम विश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 36 महीनों से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर प्रकरण दर्ज थे।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज एवं पुलिस उपायुक्त कमल शेखावत के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त बोरानाडा आनंदसिंह राजपुरोहित के सुपरविजन में लूणी थाना अधिकारी सुरेश चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार निगरानी और सूचना संकलन के बाद 8 मई 2026 को आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी भागीरथराम विश्नोई पुत्र मांगीलाल विश्नोई, उम्र 49 वर्ष, निवासी हमीरनगर फींच, थाना लूणी, जोधपुर पश्चिम का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना जसोल जिला बालोतरा में वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा लूणी थाना क्षेत्र में भी कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध डोडा पोस्त तस्करी में सक्रिय था तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर बालोतरा पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
कार्रवाई में थाना अधिकारी सुरेश चौधरी, मनफूलराम, विमला मकानी, नरेन्द्रसिंह एवं रामकेश की विशेष भूमिका रही। विशेष रूप से महिला कांस्टेबल विमला मकानी की सक्रिय भागीदारी को पुलिस अधिकारियों ने सराहा।
Write a Response