जयपुर में SOG का बड़ा एक्शन, डमी परीक्षार्थी मामले में सुनील बिश्नोई गिरफ्तार
जयपुर। राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के खिलाफ स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में SOG ने वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 से जुड़े डमी परीक्षार्थी प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुनील बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से तलाश के बाद SOG टीम ने उसे पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 24 दिसंबर 2022 को वरिष्ठ अध्यापक (द्वितीय श्रेणी) प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी। इस दौरान सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान का पेपर लीक हो जाने के कारण परीक्षा को निरस्त कर दिया गया था और बाद में 29 जनवरी 2023 को पुनः आयोजित किया गया।
जांच में सामने आया कि मूल अभ्यर्थी सम्पतलाल माली ने परीक्षा स्वयं नहीं दी, बल्कि उसकी जगह डमी परीक्षार्थियों को बैठाया गया। 29 जनवरी 2023 को उदयपुर के राजकीय गुरु गोविंद सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय, चेतक सर्किल स्थित परीक्षा केंद्र पर सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा में सुनील बिश्नोई ने डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दी थी।
इसके अलावा विज्ञान विषय की परीक्षा में शामिल दूसरे डमी परीक्षार्थी की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच को और तेज किया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि डमी परीक्षार्थियों की मदद से परीक्षा पास कर सम्पतलाल माली का वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान विषय) पद पर चयन हो गया था। हालांकि, राजस्थान लोक सेवा आयोग में शिकायत दर्ज होने के चलते उसे नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया। बाद में 13 जनवरी 2026 को सम्पतलाल माली को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।
SOG ने आरोपी सुनील बिश्नोई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है। जांच अधिकारी उससे मध्यस्थों और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
Write a Response