जेडीए की बड़ी कार्रवाई: ग्राम आंगणवा में अवैध अतिक्रमण ध्वस्त
- Posted on May 31, 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 26 Views
जोधपुर, 31 मई। जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने अवैध अतिक्रमणों और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को ग्राम आंगणवा में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण स्वामित्व की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान अवैध निर्माण, चारदीवारियां, ग्रेवल सड़कें तथा बिजली पोलों को ध्वस्त किया गया। जेडीए अधिकारियों के अनुसार कुछ लोगों ने भूमि पर अवैध रूप से चारदीवारियां बना रखी थीं, जबकि कई स्थानों पर ग्रेवल सड़कें तैयार कर कब्जे किए गए थे।
जोधपुर, 31 मई। जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने अवैध अतिक्रमणों और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को ग्राम आंगणवा में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण स्वामित्व की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान अवैध निर्माण, चारदीवारियां, ग्रेवल सड़कें तथा बिजली पोलों को ध्वस्त किया गया।
जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी के निर्देशानुसार अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने यह कार्रवाई की। प्राधिकरण सचिव चंचल वर्मा के आदेश पर उपायुक्त जोन-6 दिनेश कुमार मीणा, तहसीलदार प्रतिज्ञा सोनी और अजीत पाल सिंह के निर्देशन में ग्राम आंगणवा स्थित खसरा संख्या 73 एवं 74 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के नाम दर्ज भूमि पर विभिन्न स्थानों पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण पाए गए।
जेडीए अधिकारियों के अनुसार कुछ लोगों ने भूमि पर अवैध रूप से चारदीवारियां बना रखी थीं, जबकि कई स्थानों पर ग्रेवल सड़कें तैयार कर कब्जे किए गए थे। इसके अलावा बिजली पोल लगाकर भी भूमि पर अधिकार जताने का प्रयास किया गया था। कार्रवाई के दौरान पांच जेसीबी मशीनों और दो ट्रैक्टरों की सहायता से सभी अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाया गया।
प्राधिकरण दस्ते ने अतिक्रमण हटाने के बाद भूमि को पूरी तरह कब्जा मुक्त कर वहां जेडीए स्वामित्व दर्शाने वाले छह साइन बोर्ड भी स्थापित किए। कार्रवाई के दौरान 28 लोहे के एंगल, दो साइन बोर्ड, बिजली की दो केबल, एक सीसीटीवी कैमरा तथा दो लाइटें जब्त कर जेडीए कार्यालय लाया गया।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जेडीए ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई में प्रवर्तन अधिकारी जोगेंद्र सिंह चौधरी और प्रवीण गहलोत, प्रवर्तन निरीक्षक योगेश गहलोत एवं संजय सांदड़, पटवारी भूराराम, मंडोर थाना पुलिस तथा पुलिस लाइन के जाब्ते ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Write a Response