जोधपुर पश्चिम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना लूणी एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त अभियान में 865 ग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जोधपुर: ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत 865 ग्राम अफीम का दूध बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
जोधपुर पश्चिम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना लूणी एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त अभियान में 865 ग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज, पुलिस उपायुक्त कमल शेखावत तथा सहायक पुलिस आयुक्त आनंद सिंह राजपुरोहित के निर्देशन में की गई। थानाधिकारी सुरेश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हेमजी की ढाणी, हमीरनगर क्षेत्र में दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति मकान के बाहर मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम गोरधनराम (45) निवासी हेमजी की ढाणी बताया। मकान की तलाशी के दौरान एक कमरे में रखे लोहे के कूलर के अंदर स्टील के टिफिन बॉक्स में अफीम का दूध छिपाकर रखा हुआ मिला।
बरामद अफीम को जब्त कर वजन किया गया, जिसका कुल वजन 865 ग्राम निकला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह अफीम मध्यप्रदेश के नीमच निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और सप्लाई नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में सुरेश चौधरी, महेंद्र सिंह और गजेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
Write a Response